प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर के मांडा थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव के पास बुधवार देर रात दर्दनाक हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मांडा थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव के पास बुधवार को ट्रैक्टर पर सवार पांच मजदूर चोपन की ओर से हमीरपुर जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर मांडा-चिलबिला बॉर्डर के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पर सवार 23 वर्षीय संदीप कुशवाहा पुत्र राजा भैया, निवासी थाना सुमेरपुर, जनपद हमीरपुर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जितेंद्र, ओंकार और लालाराम घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
बताया जा रहा है कि ट्रक फ्लिपकार्ट का ऑनलाइन सामान लेकर बिहार के पटना से प्रयागराज जा रहा था। ट्रक चालक की पहचान प्रद्युम्न पाण्डेय के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
