प्रयागराज (राजेश सिंह)। नाला सफाई के दावों की पोल आज 9 जुलाई की बारिश ने खाेल दी। जगह-जगह हुए जलभराव से नगर निगम की ओर से नाला सफाई के दावे उफनाते नजर आए। बारिश ने निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा दिए हैं।
नाला सफाई सिर्फ कागजों पर
बारिश से शहर के गली,मुहल्लों के अलावा प्रमुख मार्गों में भी जलभराव होने से लोगों को परेशान होना पड़ा। शहर का शायद ही कोई मुहल्ला होगा जहां पर जलभराव न हुआ हो। नाला सफाई के नाम पर हो रही ढिलाई का खामियाजा शहर के नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। नाला सफाई का बजट इस बार 15 करोड़ रुपये रखा गया है, बजट तो खर्च हो रहा है,लेकिन नाला सफाई में सिर्फ कागजी घोड़ा दौड़ाया जा रहा है।
खास-खास
- 15 करोड़ है नाला सफाई का बजट
- 957 कुल नालों की संख्या
- 168 बड़े नाले
- 789 छोटे नाले
- 2268 कर्मचारी सफाई के लिए लगाए गए हैं।
गुरुवार दोपहर में हुई बारिश से उन सड़कों पर भी जलभराव हो गया जहां कभी पानी चंद मिनट नहीं रुकता था। बरसात से मलाकराज, बैरहना,अलोपीबाग, हटिया, भावापुर चरही, बेनीगंज, गोविंदपुर,अशोकनगर, राजापुर सहित कई मुहल्लों में जलभराव से लोगों को परेशान होना पड़ा। बेनीगंज वार्ड के भावापुर चरही के पास सड़क पर एक फीट से अधिक पानी भर गया। इसके चलते वाहन चालकों व राहगीरों को निकलने के लिए परेशान होना पड़ा।
नालों का पानी सड़कों पर दो से तीन फीट तक भर गया। जाफरी कालोनी राजरूपपुर में जलभराव होने से लोग अपने घरों में कैद रहे। प्रधान डाकघर के पास सड़क पर जलभराव होने से आवागमन बाधित रहा। चार पहिया वाहनों के टायर डूब जा रहे थे। आजाद पार्क गेट नंबर चार, पत्रिका चौराहा, तेलियरगंज, शंकर लाल भार्गव रोड, त्रिवेणी रोड,अप्टरान, बालसन, लिडिल रोड, कोठापारचा मेडिकल चौराहा आरओबी के पास जलभराव होने से लोगों को परेशान होना पड़ा।
मुहल्ले में हुए जलभराव को कम करने के लिए कई लोगों ने डंडे से कूड़ा हटाकर पानी की निकासी कराई। सलोरी और राजापुर, मलाकराज, साउथ मलाका, सोहबतियाबाग, मधवापुर, मलकाराज के छीतपुर मुहल्ले के कई घरों में जलभराव होने से लोगों में आक्रोश रहा।
नाला सफाई में तो लापरवाही इस बार हो रही रही है सिल्ट हटाने में भी उदासीनता दिखाई जा रही है। फाफामऊ,राजापुर, कटरा, तेलियरगंज, शिवकुटी, दायरा शाह अजमल, प्रीतम नगर आदि क्षेत्रों में नाला, नाली की सफाई तो कई गई लेकिन निकलने वाली सिल्ट सड़क पर ही रख दी गई है। गुरुवार को बारिश के दौरान यह सड़क पर फैल गई जिससे लोगों को आवागमन में असुविधा हुई।
जलभराव की समस्या से लोग न परेशान हों इसके लिए लगातार प्रयास कराया जा रहा है। जहां जलभराव हुआ वहां पर कुछ ही समय में पानी निकल गया। नाला सफाई उन स्थानों पर फिर होगी जहां पर जलभराव हो रहा है। हमनें गुरुवार को दिनभर अलग- अलग स्थानों का निरीक्षण किया है। जलभराव से लोगों को नहीं परेशान होना पड़ेगा।- साईं तेजा, नगर आयुक्त।
