मिर्जापुर (राजेश सिंह)। गंगा पर छह लेन के बनने वाले पुल के पिलर के लिए चील्ह क्षेत्र के मझरा गांव में खोदे गए गड्ढे के पानी में डूबने से छह व सात वर्षीय दो बालकों की मंगलवार की रात मौत हो गई। सात घंटे की खोजबीन के बाद दोनों बालकों का शव रात लगभग 12 बजे गड्ढे से बरामद कर लिया गया।
आक्रोशित स्वजन दोनों शवों को घटनास्थल पर रखकर कंपनी के ठेकेदार को बुलाकर पीड़ित स्वजन को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। उनका आराेप है कि ठेकेदार की लापरवाही के चलते यह घटना घटी है।
चील्ह थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव निवासी कड़ेदिन यादव और सुरेश उर्फ कालिया ने मझरा गांव में अपने घर से करीब डेढ़ किमी दूर पंपिंग सेट लगा रखा है।
मंगलवार शाम करीब पांच बजे दोनों के बेटे सात वर्षीय सत्यम पुत्र कड़ेदिन यादव और किशन पुत्र सुरेश उर्फ कालिया 6 वर्ष पंपिंग सेट पर गए थे। जहां से लगभग 200 मीटर दूर छह लेन की सड़क व पुल के पिलर के लिए ठेकेदार द्वारा गड्ढा खोदवाया गया था। जिसमें बारिश का पानी इस समय भरा हुआ था।
शाम छह बजे खेलते-खेलते दोनों बालक उसी में गड्ढे में चले गए और डूब गए। देर शाम तक दोनों बालक पंपिंग सेट से घर नहीं लौटे तो स्वजन परेशान हो गए। दोनों बालकों की तलाश शुरू कर दी गई । लगभग रात 12 बजे ढूंढते-ढूंढते परिवार वाले घटनास्थल पहुंचे।
गड्ढे में उतरकर देखा कि दोनों बालकों का शव उसी में पड़ा था। तत्काल दोनों शवों को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पर चील्ह थाना प्रभारी वैद्यनाथ सिंह को दी गई। कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और स्वजन ने शव ले जाने से रोक दिया।
