Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से घायल चाचा-भतीजे की मौत, अंडा खाने के लिए गए थे दोनों

SV News

मिर्जापुर (राजेश सिंह)। मिर्जापुर-औराई मार्ग पर सागरपुर गांव के पास मंगलवार की रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से घायल चाचा-भतीजे की भदोही के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चील्ह थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव निवासी सुनील यादव (30) पुत्र मिश्रीलाल मंगलवार की शाम अपने पांच वर्षीय भतीजे अंकित पुत्र श्याम नारायण के साथ गांव में एक दुकान पर अंडा खाने गए थे। रात में दोनों पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान मिर्जापुर की ओर से औराई की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सागरपुर गांव के पास दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे टेढ़वा चौकी प्रभारी अरविंद गुप्ता ने दोनों घायलों को भदोही जनपद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान देर रात दोनों की मौत हो गई। चाचा-भतीजे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। 
बताया गया कि सुनील तीन भाइयों में सबसे छोटे थे, जबकि पांच वर्षीय अंकित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दोनों की मौत से सागरपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उधर, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। देर रात दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। 
चील्ह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि ट्रक की टक्कर से दो लोग घायल हुए थे। दोनों को उपचार के लिए भदोही के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ट्रक को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad