प्रयागराज (राजेश सिंह)। समाजवादी पार्टी के जिला सचिव एवं पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हंडिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्याकांड के मुख्य आरोपी बताए जा रहे हिस्ट्रीशीटर लल्ला यादव समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैरों में गोली लगी है।
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपियों को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक मुठभेड़ और आरोपियों की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम सपा नेता एवं पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात हंडिया थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस की ओर से शाम 5:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दिए जाने की बात कही गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन यादव हत्याकांड, मुठभेड़ और गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
